scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशत्रिपुरा में मतगणना की तैयारी पूरी: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

त्रिपुरा में मतगणना की तैयारी पूरी: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

Text Size:

अगरतला, एक मार्च (भाषा) त्रिपुरा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) जी. किरणकुमार दिनकरराव ने बुधवार को बताया कि राज्य विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को होने वाली मतगणना संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस बीच तमिलनाडु में एक वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इरोड पूर्व विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भी बृहस्पतिवार को होने वाली मतगणना की पूरी तैयारी कर ली गई।

त्रिपुरा विधानसभा की 60 विधानसभा सीट के लिए 16 फरवरी को मतदान हुआ था। इस दौरान कुल 23.13 लाख मतदाताओं में से 89.90 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

दिनकरराव ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे आरंभ हो जाएगी। मतगणना पांच से आठ दौर में होगी और रुझान दोपहर तक स्पष्ट होने की उम्मीद है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सीआरपीसी (दंड प्रक्रिया संहिता) की धारा 144 के तहत राज्य भर में एक मार्च को शाम छह बजे से तीन मार्च शाम बजे तक निषेधाज्ञा लागू की गई है, ताकि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हो सके। आवश्यक सेवाओं एवं परीक्षार्थियों को इस प्रतिबंध के दायरे से दूर रखा गया है।’’

राज्यभर में करीब 25,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इस चुनाव में विभिन्न दलों के 259 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

पूर्वोत्तर राज्य में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आईपीएफटी (इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा) गठबंधन सत्ता पर कब्जा बरकरार रखने की कोशिश में है। वहीं, वाम-कांग्रेस गठबंधन ने भी सत्ता छीनने की भरकस कोशिश की है। क्षेत्रीय संगठन टिपरा मोथा स्वायत्त परिषद चुनावों में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद विधानसभा के चुनाव मैदान में पहली बार उतरा है।

इरोड पूर्व सीट के उपचुनाव के लिए मतों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू होगी और शाम पांच बजे पूरी होगी। इरोड में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी एच कृष्णानुन्नी ने बताया कि मतगणना की पूरी तैयारी कर ली गई है।

भाषा

सिम्मी माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments