scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशयोग्य व क्षमतावान युवाओं को अवसर उपलब्ध करा रहा पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड: योगी आदित्यनाथ

योग्य व क्षमतावान युवाओं को अवसर उपलब्ध करा रहा पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड: योगी आदित्यनाथ

Text Size:

लखनऊ, 28 अप्रैल (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए मंगलवार को कहा कि योग्य और क्षमतावान युवा स्वतःस्फूर्त भाव से उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनना चाहते हैं और इसके लिए पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहा है।

उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपने के लिए यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड इस वर्ष लगभग एक लाख नई भर्तियां करने जा रहा है।’’

मुख्यमंत्री ने पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित 936 प्रधान परिचालक/प्रधान परिचालक (यांत्रिक) को नियुक्ति पत्र वितरित किए और इस अवसर पर विभाग पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिन में उत्तर प्रदेश होमगार्ड में 41 हजार भर्तियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। सिविल पुलिस, उपनिरीक्षक (एसआई) और होमगार्ड समेत विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।’’

मुख्यमंत्री ने सफल अभ्यर्थियों से कहा, “सभी चाहते थे कि भर्ती ईमानदारी से हो। डबल इंजन सरकार ने ऐसा माहौल बनाया है कि भर्ती निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से हुई है। अब आपका भी दायित्व है कि साफ नीयत, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पुलिस सेवा के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।”

उन्होंने कहा, ‘‘जब हर नागरिक अपने क्षेत्र में ईमानदारी से कर्तव्यों का पालन करेगा, तभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार किया जा सकेगा।’’

योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि जिस निष्पक्षता से वर्तमान में पुलिस भर्ती प्रक्रिया संपन्न हो रही है, वह नौ वर्ष पहले संभव नहीं थी।

उन्होंने कहा, ‘‘पहले भर्ती प्रक्रिया में लेनदेन और भेदभाव की शिकायतें आती थीं, लेकिन अब पूरी प्रक्रिया में किसी को सिफारिश या धन का सहारा नहीं लेना पड़ता और केवल योग्यता, क्षमता तथा आरक्षण के नियमों के आधार पर चयन होता है।’’

मुख्यमंत्री ने दवा किया, ‘‘उत्तर प्रदेश पहला राज्य है, जिसने 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया है। इसका परिणाम यह है कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ी अन्य राज्यों की तुलना में अधिक पदक जीतते हैं।’’

उन्होंने नवचयनित 936 अभ्यर्थियों से कहा कि उनके शामिल होने से संचार इकाई और अधिक सशक्त होगी तथा आगामी आठ महीने का प्रशिक्षण उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होगा।

मुख्यमंत्री ने युवाओं और पुलिस कर्मियों को फिट रहने का संदेश देते हुए कहा कि शारीरिक रूप से फिट रहने पर ही मानसिक रूप से भी सुदृढ़ रहा जा सकता है और तभी देश व समाज की बेहतर सेवा संभव है।

भाषा जफर

मनीषा खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments