scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशनेत्रहीन शिकायतकर्ता से गाली गलौज और धक्का मुक्की करने को लेकर पुलिस निरीक्षक, उपनिरीक्षक निलंबित

नेत्रहीन शिकायतकर्ता से गाली गलौज और धक्का मुक्की करने को लेकर पुलिस निरीक्षक, उपनिरीक्षक निलंबित

Text Size:

बदायूं (उप्र), 28 मार्च (भाषा) बदायूं के बिसौली थाने के निरीक्षक और उप निरीक्षक को एक नेत्रहीन शिकायतकर्ता को कोतवाली से गाली देकर और धक्के मारकर बाहर निकालने को लेकर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने उन्हें निलंबित करने का आदेश दिया।

शर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार गत तीन मार्च को एक मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा की भिड़त हो गई थी जिसमें मोहम्मदपुर के रहने वाले मोटरसाइकिल सवार युवक सुरेश पाल और उसका दृष्टिबाधित चाचा मोरपाल घायल हो गए थे, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि मोरपाल ने बिसौली थाने में दुर्घटना के बारे में एक औपचारिक शिकायत दर्ज करायी और बाद में मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने की शिकायत की गई थी।

शिकायत के अनुसार, मोरपाल शनिवार को पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाने कोतवाली गया था। वहां कुछ विवाद होने पर निरीक्षक राजेंद्र सिंह पुंडीर अपना आपा खो बैठे और कथित रूप से गालियां देते हुए शिकायतकर्ता को धक्के मारकर अपने कार्यालय कक्ष से बाहर निकाल दिया।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने निरीक्षक राजेंद्र सिंह पुंडीर और उप निरीक्षक भूपेंद्र यादव को निलंबित कर दिया तथा मामले की जांच बिसौली के पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार को सौंप दी।

भाषा सं जफर

गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments