scorecardresearch
Sunday, 22 February, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन की वैश्विक नेता भी सराहना कर रहे हैं: योगी आदित्यनाथ

प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन की वैश्विक नेता भी सराहना कर रहे हैं: योगी आदित्यनाथ

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

मेरठ (उप्र) 22 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए व आधुनिक भारत का ‘‘शिल्पी व निर्माता’’ बताते हुए कहा कि उनके ‘‘विकसित भारत’’ विजन की वैश्विक नेता भी सराहना कर रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि अत्याधुनिक अवसरंचना के साथ-साथ शासकीय योजनाओं का लाभ गरीब-वंचित, अन्नदाता किसान, महिला व युवा समेत समाज के हर तबके को मिलना सुनिश्चित हो रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को मेरठ में शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इन सेवाओं की शुरुआत की।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश के विकास कार्यों की जितनी समीक्षा प्रधानमंत्री जी करते हैं, उतनी तो कोई मंत्री अपने विभागीय कार्यों की भी नहीं करता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा होली से ठीक पहले नमो भारत ट्रेन के साथ मेरठ मेट्रो का भी उपहार दिया जा रहा है। यह उपहार विकसित भारत की उस नींव को सुदृढ़ करने का नया माध्यम है, जिसमें अत्याधुनिक अवसंरचना के माध्यम से भारत की ताकत दिखती है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले मेरठ से दिल्ली की दूरी एक चुनौती होती थी। इसे तय करने में चार से पांच घंटे तक मशक्कत करनी पड़ती थी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली दूर है, यह मानते हुए लोग थक-हार कर बैठ जाते थे और सोचते थे कि जाम में फंसना पड़ेगा। आज 12 लेन के एक्सप्रेसवे से दिल्ली व मेरठ जुड़े हैं। मेरठ से दिल्ली पहुंचने में मात्र 45-50 मिनट लगते हैं। आज प्रधानमंत्री जी ने नमो भारत रैपिड रेल व मेरठ मेट्रो का नया उपहार दिया है, जो इस दूरी को और घटा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नमो भारत, वंदे भारत, अमृत भारत के माध्यम से अत्य़ाधुनिक-सुरक्षित तेज सार्वजनिक परिवहन सेवाएं आज भारत की पहचान बन रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों नयी दिल्ली में संपन्न ‘इंडिया एआई इंपैक्ट समिट’ में कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। उन्होंने कहा, ‘‘इस समिट में वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री जी के विजन और उसे धरातल पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने की भूरि-भूरि प्रशंसा की।’’

योगी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के वक्तव्य का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने डिजिटल भारत की सफलता पर विस्तार से अपनी बात रखी। मैक्रों ने कहा कि भारत ने कुछ ऐसा बनाया, जो दुनिया का कोई दूसरा देश नहीं बना सकता।

उन्होंने कहा कि ‘‘मैक्रों का कथन प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता साबित करता है, जिनके विकसित भारत विजन में वंचितों को वरीयता के साथ-साथ शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के गरीब, किसान, महिला, नौजवान समेत हर तबके को प्राप्त हो रहा है। आज पूरी दुनिया का ध्यान डिजिटल इंडिया की ओर आकर्षित हुआ है।’’

योगी ने मेजर ध्यानचंद के नाम पर मेरठ में स्थापित प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ही इसका शिलान्यास किया था। यह विश्वविद्यालय अप्रैल तक बनकर तैयार हो जाएगा, कक्षाएं गत वर्ष प्रारंभ हो चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘‘नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी लगभग तैयार हो चुका है। प्रधानमंत्री ने ही उसका शिलान्यास किया था। आज प्रदेशवासियों की इच्छा है कि खेल विवि व नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से हो।’’

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह, दिनेश खटिक, सोमेंद्र तोमर, राज्यसभा सदस्य व पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सांसद अरुण गोविल, राजकुमार सांगवान, चंदन चौहान व महापौर हरिकांत अहलूवालिया आदि मौजूद रहे।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेरठ से 12,930 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं।

प्रधानमंत्री ने दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक नमो भारत खंड (पांच किमी.), मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत खंड (21 किमी) के उद्घाटन के साथ दिल्ली-मेरठ नमो भारत का संपूर्ण कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही मेरठ के लिए मेट्रो (मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किमी) सेवा की शुरुआत की।

उद्घाटन समारोह से पहले प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम से पहले मेरठ के शताब्दी नगर हेलीपैड पर प्रधानमंत्री मोदी को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संग मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक मेट्रो में सफर भी किया। प्रधानमंत्री ने मेट्रो में दिव्यांग सहित स्कूली बच्चों, मेडिकल छात्रों व अन्य लोगों से संवाद भी किया।

भाषा आनन्द धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments