देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे, जिससे दिल्ली से देहरादून की यात्रा का समय घटकर करीब ढाई घंटे रह जाएगा.
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, सुबह करीब 11:15 बजे पीएम मोदी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कॉरिडोर के एलिवेटेड सेक्शन पर बने वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद करीब 11:40 बजे वे देहरादून के पास स्थित जय मां दात काली मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे. फिर दोपहर करीब 12:30 बजे देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे.
213 किलोमीटर लंबा यह छह लेन का एक्सेस-कंट्रोल्ड कॉरिडोर 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है. यह दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से होकर गुजरता है और मौजूदा छह घंटे से ज्यादा का सफर घटाकर लगभग ढाई घंटे कर देगा.
इस परियोजना में 10 इंटरचेंज, 3 रेलवे ओवर ब्रिज, 4 बड़े पुल और 12 वे-साइड सुविधाएं बनाई गई हैं, जिससे यात्रा तेज और आसान होगी. इसके अलावा, कॉरिडोर में एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) लगाया गया है, जिससे यात्रा सुरक्षित और बेहतर होगी.
पर्यावरण और वन्यजीवों को ध्यान में रखते हुए इस कॉरिडोर में खास सुविधाएं जोड़ी गई हैं. इसमें 12 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है, जो एशिया के सबसे लंबे कॉरिडोर में से एक है. इसके अलावा 8 एनिमल पास, 200-200 मीटर के दो हाथी अंडरपास और दात काली मंदिर के पास 370 मीटर लंबी सुरंग भी बनाई गई है, ताकि जानवरों की आवाजाही में बाधा न आए.
यह कॉरिडोर पर्यटन और आर्थिक केंद्रों को जोड़कर क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देगा और व्यापार के नए अवसर खोलेगा. पीएमओ के मुताबिक, यह परियोजना हाई-स्पीड कनेक्टिविटी के साथ पर्यावरण संतुलन और बेहतर जीवन स्तर के लक्ष्य को भी दर्शाती है.
