scorecardresearch
Saturday, 4 April, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री मोदी ने विश्व के कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता की

प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व के कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता की

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को मॉरीशस, श्रीलंका और स्लोवाकिया के शीर्ष नेताओं के साथ व्यापार एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर वार्ता की।

मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से भी मुलाकात की और इस विषय पर चर्चा की कि वैश्विक संस्था कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के समावेशी उपयोग में किस प्रकार ‘‘रचनात्मक भूमिका’’ निभा सकती है।

उन्होंने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान गुतारेस और अन्य नेताओं से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के साथ हुई अपनी बातचीत के बारे में बताया, ‘‘हमने एआई को सर्व-समावेशी बनाने और इस दिशा में संयुक्त राष्ट्र की रचनात्मक भूमिका पर चर्चा की।’’

उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘हमने एक बेहतर ग्रह के लिए एआई का उपयोग करने के उद्देश्य से किए जा रहे किसी भी प्रयास के प्रति भारत के समर्थन को दोहराया। हमने संयुक्त राष्ट्र सुधारों, विशेष रूप से ग्लोबल साउथ को अधिक सशक्त बनाने पर भी अपने विचार साझा किए।’’

मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम से मुलाकात के बाद मोदी ने कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए दोनों पक्ष घनिष्ठ सहयोग से काम करना जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम से मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई। हमने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, प्रौद्योगिकी, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्र में अपनी उन्नत रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।’’

मोदी ने मॉरीशस को भारत के ‘महासागर’ (क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) दृष्टिकोण में एक महत्वपूर्ण भागीदार बताया।

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से मुलाकात के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमने हाल के समय में भारत-श्रीलंका संबंधों में हुई प्रगति का जायजा लिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने ऊर्जा, कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य सेवा, कौशल विकास, संस्कृति, समुद्री अर्थव्यवस्था और अन्य क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।’’

मोदी ने कहा कि उन्होंने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ रक्षा, अंतरिक्ष और डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि राष्ट्रपति पेलेग्रिनी के साथ उनकी मुलाकात ‘‘बहुत ही सार्थक’’ रही।

उन्होंने कहा, ‘‘हाल ही में हुए भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से हमारे देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के कई अवसर पैदा होंगे। हमने डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, रक्षा, अंतरिक्ष और अन्य क्षेत्रों में सहयोग पर भी चर्चा की।’’

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments