scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री ने ‘निर्मम’ तृणमूल कांग्रेस सरकार को बंगाल से हटाने की अपील की, छह गारंटी का वादा

प्रधानमंत्री ने ‘निर्मम’ तृणमूल कांग्रेस सरकार को बंगाल से हटाने की अपील की, छह गारंटी का वादा

Text Size:

(फोटो के साथ)

हल्दिया (पश्चिम बंगाल), नौ अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि अगर भाजपा विधानसभा चुनाव जीतती है तो पश्चिम बंगाल की जनता को छह गारंटी दी जाएंगी। साथ ही उन्होंने ‘‘निर्मम’’ तृणमूल कांग्रेस सरकार को हटाने की अपील की जो विकास की राह में ‘‘राज्य को पीछे धकेल रही है’’।

पूर्वी मेदिनीपुर के हल्दिया में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने वादा किया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने पर तृणमूल कांग्रेस के ‘भय’ के शासन को ‘भरोसे’ के शासन में बदला जायेगा, जबकि सभी लोक सेवकों को जनता के प्रति जवाबदेह बनाया जायेगा।

मोदी ने कहा, “भय का माहौल होने पर निवेश नहीं लाया जा सकता। यह तभी संभव है जब भरोसा हो, जो भाजपा बंगाल में सरकार बनाने के बाद लाएगी।’’

विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी का गढ़ माने जाने वाले हल्दिया में भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते हुए मोदी ने ममता बनर्जी प्रशासन को ‘‘निर्मम सरकार’’ कहकर संबोधित किया।

विकास के मुद्दे पर तृणमूल सरकार पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, ‘‘देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है, जबकि तृणमूल कांग्रेस की ‘निर्मम सरकार’ बंगाल को पीछे धकेल रही है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘विकसित बंगाल बनाने के लिए यह जरूरी है कि पार्टी की ‘निर्मम सरकार’ को सत्ता से हटाया जाए।’’

मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार राज्य में मछली की उच्च मांग के अनुरूप मछली उत्पादन करने में विफल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में मछली की मांग बहुत अधिक है, फिर भी यह अन्य राज्यों से मछली आयात करता है। पिछले 15 वर्षों में, तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने मछली की आपूर्ति बढ़ाने और मछली उत्पादन में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।’’

मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता को आश्वासन दिया कि भाजपा राज्य को मत्स्य पालन और समुद्री खाद्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगी। साथ ही उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि केंद्र में भाजपा सरकार ने मछुआरों के कल्याण के लिए एक समर्पित मंत्रालय की स्थापना की है और उनके लिए रिकॉर्ड बजट आवंटित किया है।

प्रधानमंत्री ने लोगों के लिए ‘‘मोदी की छह गारंटियों’’ पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में सत्ता में आने के बाद भाजपा तृणमूल कांग्रेस के ‘भय’ के शासन को ‘भरोसे’ के शासन में बदलेगी।

मोदी ने शासन प्रणाली में बदलाव लाने और लोक सेवकों को उनके कार्यों के लिए नागरिकों के प्रति जवाबदेह बनाने का संकल्प लिया, जो उनकी दूसरी गारंटी है।

उन्होंने अपनी ‘‘तीसरी गारंटी’’ का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘भाजपा बंगाल में भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ किए गए अपराधों से संबंधित उन सभी फाइल को फिर से खोलेगी, जिन्हें तृणमूल कांग्रेस ने दबा दिया है।’’

चौथी गारंटी के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार में लिप्त सभी नेता जेल जाएंगे। तृणमूल कांग्रेस का कोई भी ‘गुंडा’ कानून के शिकंजे से नहीं बच सकता।’’

भारत में कानूनी रूप से शरण लेने वाले सभी शरणार्थियों को सरकारी सुविधाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का वादा करते हुए, मोदी ने कहा कि ‘‘घुसपैठियों को इस देश में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी’’।

प्रधानमंत्री ने अपनी अंतिम गारंटी के बारे में कहा, ‘‘राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद ‘‘हम राज्य के कर्मचारियों, शिक्षकों और संबंधित क्षेत्रों में काम करने वालों के लिए 7वें वेतन आयोग को लागू करेंगे’’।

दक्षिणी बंगाल के कई हिस्सों में रातभर हुई बारिश के कारण खराब मौसम की वजह से मोदी सुबह साढ़े नौ बजे के निर्धारित समय से लगभग दो घंटे देरी से हल्दिया हेलीपैड पर पहुंचे।

उन्होंने कहा, ‘‘खराब मौसम के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आने के लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। यह आने वाले तूफान का संकेत है। बंगाल की जनता सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार है, यह इस बात का संकेत है कि तृणमूल कांग्रेस का राज्य की सत्ता से बाहर होना तय है।”

भाजपा के 2021 के राज्य चुनाव में पूर्वी मेदिनीपुर में किए गए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि पूरा बंगाल अब उसी रास्ते पर चल रहा है जो जिले ने पांच साल पहले दिखाया था।

उस समय भाजपा ने 16 विधानसभा सीट में से 15 सीट जीती थीं।

राज्य में 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम में ममता बनर्जी के खिलाफ शुभेंदु अधिकारी की जीत का जिक्र करते हुए, मोदी ने विश्वास जताया कि पांच साल पहले नंदीग्राम में जो चुनाव परिणाम आया था वही इस बार भवानीपुर में भी दोहराया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि ‘‘तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल के युवाओं को दो तरह से धोखा दिया – निजी क्षेत्र को नष्ट कर दिया और सरकारी पदों को लूटकर पैसा कमा लिया’’।

तृणमूल कांग्रेस की आलोचना करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘ममता सरकार ने युवाओं के साथ जो किया, उसकी भरपाई अगले 100 साल में भी नहीं हो सकती।’’

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर ‘‘अपने वोट बैंक को सुरक्षित करने के लिए धर्म के आधार पर आरक्षण की नीति’’ अपनाने का आरोप लगाया।

मोदी ने पश्चिम बंगाल में ‘डबल इंजन’ सरकार की वकालत करते हुए कहा कि राज्य को ‘‘प्रधानमंत्री का विरोध करने से कोई फायदा नहीं होगा, बल्कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के एक साथ मिलकर काम करने से ही लाभ होगा।’’

केंद्र की ‘सबका साथ सबका विकास’ नीति को दोहराते हुए मोदी ने कहा, ‘‘बंगाल को लूटने वाले सभी लोगों को इसकी कीमत चुकानी होगी।’’

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments