scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशबीपीसीएल अधिकारी को धमकी देने के आरोप में पेट्रोल पंप मालिक का बेटा और उसके तीन साथी गिरफ्तार

बीपीसीएल अधिकारी को धमकी देने के आरोप में पेट्रोल पंप मालिक का बेटा और उसके तीन साथी गिरफ्तार

Text Size:

बरेली (उप्र), 28 मार्च (भाषा) बरेली जिले के आंवला में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के डिपो में घुसकर उसके एक अधिकारी को धमकी देने के आरोपी एक पेट्रोल पंप मालिक के बेटे और उसके तीन साथियों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि अधिकारी ने ईंधन की अधिक आपूर्ति की उनकी मांग को ठुकरा दिया था, जिसके बाद आरोपियों ने धमकी दी।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरोहा निवासी आसिफ अहमद (पेट्रोल पंप मालिक का बेटा), सलमान (25) उर्फ कल्लू (संभल के असमोली से) और दो स्थानीय लोगों शाहरुख उर्फ कल्लू (24) और शहजान (19) के रूप में हुई है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (आंवला) नितिन कुमार ने कहा कि बीपीसीएल डिपो के प्रबंधक स्वपन कुमार मांझी ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि आसिफ ने 26 मार्च को उनके एक अधिकारी को धमकी दी थी। अगले दिन 27 मार्च को आसिफ (31) तीन या चार साथियों के साथ डिपो परिसर में दाखिल हुआ।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ 27 मार्च को सौंपी गई लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था।

पूछताछ करने पर आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 26 मार्च की रात वे अवैध रूप से बीपीसीएल, आंवला डिपो में घुस गए थे।

उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रबंधक से डीजल और पेट्रोल की मांग की और जब उसने उन्हें देने से इनकार कर दिया, तो उन्होंने धमकी दीं।

शनिवार को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) पूर्णिमा सिंह और पुलिस अधीक्षक (उत्तर) मुकेश सिंह ने स्थानीय बीपीसीएल इकाई में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए डिपो परिसर का दौरा किया।

उन्होंने डिपो प्रबंधन से घटना के संबंध में विवरण मांगा और सवाल किया कि प्रवेश द्वार पर कड़े सुरक्षा उपायों की मौजूदगी के बावजूद अवांछित तत्व प्रवेश पाने में कैसे कामयाब रहे।

उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल को और कड़ा करने के लिए कहा और निर्देश दिया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए।

इस मौके पर उप जिलाधिकारी विदुषी सिंह व पुलिस क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

भाषा सं जफर गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments