जयपुर, आठ नवंबर (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रंजीत रंजन ने बुधवार को भरोसा जताया कि राजस्थान की जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी और वर्तमान हालात को देखते हुये यह स्पष्ट है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बरकरार रहेगी।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में सांसद रंजीत रंजन ने भाजपा पर राजस्थान की जनता को ठगने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश-प्रदेश की जनता के प्रति उन्होंने (भाजपा ने) अपना कोई वादा नहीं निभाया है और वादाखिलाफी करके राजस्थान की जनता को ठगा है।
उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी जनता के बीच आत्मविश्वास के साथ अपने पांच साल के कामों को लेकर वोट मांगने के लिए जा रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी को पूरा विश्वास है कि पांच साल में कांग्रेस सरकार ने जनता के हित में जो काम किये हैं, उसका प्रतिफल अवश्य राजस्थान की जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करके देगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता चाहे जितना झूठ बोल लें, लेकिन उनकी और तथ्यों की सच्चाई जनता समझती है।
भाषा कुंज पृथ्वी
संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
