(फोटो सहित)
शिमला, 22 मार्च (भाषा) दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रविवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश में लोगों का कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों पर से विश्वास उठ चुका है और अब ‘आप’ मॉडल ही एकमात्र उम्मीद है।
मंडी में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ‘आप’ हिमाचल प्रदेश के लोगों के दिलों में जगह बनाने जा रही है और पार्टी राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और विकास मॉडल के लिए काम करेगी।
सिसोदिया ने बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पिछले चार वर्षों में, कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश को दशकों पीछे धकेल दिया है – न तो स्कूल ठीक से चल रहे, न ही अस्पताल। सरकार अपने कर्मचारियों को वेतन देने में भी असमर्थ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाकर, ईमानदार राजनीति करने और बदलाव लाने के अपने दृष्टिकोण को लोगों तक पहुंचाएंगे और हिमाचल प्रदेश के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेंगे।’’
राज्य विधानसभा की 68 सीट के लिए चुनाव अगले साल होने हैं।
भाषा आशीष देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
