नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के सांसद बिनॉय विश्वम ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मणिपुर के लोगों को निराश किया है और वे अपने ही देश में शरणार्थी बनने के लिए मजबूर हैं।
हिंसा ग्रस्त राज्य के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए विश्वम बृहस्पतिवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भाकपा सांसदों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य के रूप में मणिपुर पहुंचे हैं।
इससे पहले एक संयुक्त बयान जारी कर दोनों दलों ने कहा, ”डबल इंजन की सरकार के माध्यम से सबसे अच्छा शासन देने के खोखले दावे अब उजागर हो गए हैं।”
विश्वम ने शुक्रवार को कहा, ”मणिपुर में लोग अपने ही देश में शरणार्थी बनने के लिए मजबूर हैं। शिविरों में लोगों ने माकपा-भाकपा प्रतिनिधिमंडल को सत्ताधारियों की विभाजन और राज करो नीति के बारे में बताया। आम लोगों के पास यह अंतर्दृष्टि होती है।” उन्होंने कहा, ”भाजपा ने मणिपुर को निराश किया है। उन्हें इस विश्वासघात की कीमत चुकानी पड़ेगी।”
प्रतिनिधिमंडल में माकपा के राज्यसभा सदस्य बिकासरंजन भट्टाचार्य व जॉन ब्रिटास, भाकपा के राज्यसभा सदस्य विश्वम व संदोष कुमार पी और भाकपा के लोकसभा सदस्य के. सुब्बारायन शामिल हैं।
वाम नेता चुराचांदपुर और इंफाल घाटी दोनों जगहों पर सभी जातीय समुदायों के लोगों से मुलाकात कर सकते हैं।
भाषा जितेंद्र जितेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
