scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशअसम पुलिस को गिरफ़्तार करने की चुनौती देने के बाद पवन खेड़ा हैदराबाद भागे : हिमंत

असम पुलिस को गिरफ़्तार करने की चुनौती देने के बाद पवन खेड़ा हैदराबाद भागे : हिमंत

Text Size:

शिवसागर, सात अप्रैल (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को दावा किया कि उन पर और उनके परिवार पर आरोप लगाने से जुड़े मामले में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा राज्य पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती देने के बाद हैदराबाद ‘‘भाग गए’’ हैं।

शर्मा ने शिवसागर में एक चुनावी सभा से इतर ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘पवन खेड़ा ने असम पुलिस को उन्हें गिरफ़्तार करने की चुनौती दी थी, लेकिन अब वह हैदराबाद भाग गए हैं।’’

इससे पहले, असम पुलिस की एक टीम आज खेड़ा से पूछताछ करने के लिए उनके दिल्ली स्थित आवास पहुंची।

शर्मा ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि वे क्यों गए हैं, क्योंकि वह (खेड़ा) तो कल ही भाग गए थे। कल तक खेड़ा कह रहे थे कि मुझे गिरफ़्तार करके दिखाओ, और अब जब पुलिस उनके घर पहुँची, तो वह भाग गए।’’

शर्मा ने कहा, ‘‘उन्होंने (खेड़ा) मुझ पर झूठे आरोप लगाए थे।’’

कांग्रेस नेता ने रविवार को आरोप लगाया था कि शर्मा की पत्नी रिंकी भुइयां शर्मा के पास कई पासपोर्ट और विदेश में संपत्ति है, जिनका मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे में ज़िक्र नहीं किया गया।

शर्मा ने सोमवार को दावा किया था कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी पर आरोप लगाने के लिए एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से मिली ‘‘गलत जानकारी’’ का इस्तेमाल किया।

असम की 126 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए चुनाव 9 अप्रैल को होगा। मतों की गिनती 4 मई को होगी।

भाषा नेत्रपाल दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments