नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को कहा कि अक्सर बिना किसी चुनाव के लोगों को अलोकतांत्रिक रूप से नियुक्त करने के लिए पार्टी के संविधान को ‘विकृत’ किया जाता है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले समूह को ‘शिवसेना’ नाम और चुनाव चिह्न ‘तीर-कमान’ आवंटित करने का आदेश सुनाते हुए निर्वाचन आयोग ने यह भी कहा कि कि राजनीतिक दलों के संविधान में पदाधिकारियों के स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव का प्रावधान होना चाहिए।
आयोग ने आंतरिक विवादों के समाधान के लिए एक स्वतंत्र व निष्पक्ष प्रक्रिया पर भी जोर दिया।
आयोग ने कहा, ‘‘इन प्रक्रियाओं में संशोधन करना कठिन होना चाहिए। संगठनात्मक सदस्यों का बड़ा समर्थन सुनिश्चित करने के बाद ही संशोधन किया जाना चाहिए।’’
आयोग ने कहा कि पार्टी के संविधान को अक्सर बिना किसी चुनाव के पदाधिकारियों के रूप में एक मंडली के लोगों को अलोकतांत्रिक रूप से नियुक्त करने के लिए ‘विकृत’ किया जाता है।
भाषा जोहेब आशीष
आशीष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
