scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशगौशाला में अनियमितता उजागर होने पर पंचायत सचिव निलंबित, प्रधान का ‘पावर’ सीज

गौशाला में अनियमितता उजागर होने पर पंचायत सचिव निलंबित, प्रधान का ‘पावर’ सीज

Text Size:

बदायूं (उप्र) 18 दिसंबर (भाषा) बदायूं जिले के दातागंत तहसील क्षेत्र में कुरखेड़ा गांव की गौशाला में जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण में तमाम अनियमितता पाने के बाद पंचायत सचिव को निलंबित करने और ग्राम प्रधान के अधिकारों के प्रयोग पर रोक लगाने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के भी निर्देश दिये हैं। जिलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों के साथ दातागंज तहसील क्षेत्र के गांव कुरखेड़ा में नवनिर्मित गौशाला का आकस्मिक निरीक्षण किया तो वहां घोर अनियमितताएं पाई गई। उनके अनुसार गो-वर्धन के नाम पर लाखों रुपये निकाले जा रहे थे, किंतु वहां पलने वाली गायों की दशा बहुत ही दयनीय पाई गई।

कुमार ने बताया कि गोवंश को ठंड से बचाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। जिलाधिकारी ने कहा कि मौके पर मात्र 66 गोवंश पाए गए, लेकिन 119 अतिरिक्त गोवंश के भरण पोषण के लिए साढ़े तीन लाख रुपये प्रति माह फर्जी तरीके से लिये जाते थे।

इस अनियमितता के उजागर होने पर मनोज कुमार ने मौके पर संबंधित अधिकारियों को पंचायत सचिव राजनारायण को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और ग्राम प्रधान रामश्री का अधिकार जब्त करने का निर्देश दिया।

कुमार ने बताया कि सचिव के निलंबन और प्रधान का अधिकार जब्त करने के साथ-साथ चार गौ संरक्षको की सेवाएं भी समाप्त की गई हैं तथा इस मामले की जांच जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को सौंपी गई है।

उन्होंने बताया लगातार पूरे जिले में आकस्मिक छापामारी कर गोवंशों की स्थिति की जांच की जाएगी और दोषी लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments