scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशपहलगाम आतंकी हमला: आदिल शाह के बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा- शिंदे

पहलगाम आतंकी हमला: आदिल शाह के बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा- शिंदे

Text Size:

मुंबई, 22 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के 26 पीड़ितों में से एक सैयद आदिल हुसैन शाह का बलिदान इतिहास में दर्ज है और देश इसे कभी नहीं भूलेगा।

शाह के परिवार को मंगलवार को एक नवनिर्मित मकान सौंपा गया। शिंदे ने इस कार्य को केवल आश्रय प्रदान करने के बजाय बहादुर व्यक्ति के बलिदान का सम्मान बताया।

पहलगाम के बैसरन मैदान में 22 अप्रैल 2025 को आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में सैयद आदिल हुसैन शाह और 25 पर्यटकों की मौत हो गई थी।

हमले के दौरान ‘पोनीवाला’ शाह ने एक आतंकवादी की राइफल छीनने की कोशिश की थी और गोली लगने से उनकी मौत हो गई थी।

शिवसेना प्रमुख शिंदे ने उनके परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी थी और उनके परिवार को आवास उपलब्ध कराने का भी वादा किया था।

‘पोनीवाला’ वे स्थानीय लोग होते हैं जो कश्मीर के पहाड़ी पर्यटन स्थलों (जैसे पहलगाम, गुलमर्ग, सोनमर्ग) में पर्यटकों को घोड़ों या टट्टू पर घुमाने और ऊंचे स्थानों तक पहुंचाने जैसे काम करते हैं।

महाराष्ट्र के मंत्रियों योगेश कदम और संजय शिरसाट ने शिंदे के गुरु आनंद दिघे की स्मृति में ‘आनंद नाथ सदन’ नामक नये आवास की चाबियां शाह के परिवार को उनके पैतृक गांव हापटनार, पहलगाम में सौंप दीं।

उपमुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होते हुए कहा, ‘‘आदिल महज एक नौजवान नहीं थे, बल्कि राष्ट्र के गौरव के प्रतीक थे, जिन्होंने धर्म, भाषा और पंथ से ऊपर उठकर मानवता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिये।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक मां का बेटा, एक परिवार का स्तंभ, पल भर में छीन लिया गया; लेकिन मानवता के लिए किया गया यह बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा; यह इतिहास में दर्ज हो गया है।’’

शिंदे ने कहा कि उन्होंने पिछले साल आतंकवादी हमले के बाद श्रीनगर में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए और पूरे अभियान की निगरानी की।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में पर्यटक कश्मीर जाते हैं और भविष्य में इस संख्या को और बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

शिंदे ने पार्टी के संस्थापक बाल ठाकरे की विरासत को भी याद किया और कहा, ‘‘दिवंगत बालासाहेब ठाकरे ने हमेशा जाति और धर्म से ऊपर उठकर लोगों की मदद की, और शिवसेना उन्हीं मूल्यों पर चलती है।’’

इस मौके पर, शाह की बहन और भाई ने शिंदे के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

उन्होंने कहा, ‘‘एकनाथ शिंदे ने अपना वादा निभाया। उन्होंने हमें आर्थिक सहायता प्रदान की और हमारे लिए घर भी बनवाया। यह घर हमारे लिए सिर्फ आश्रय नहीं है, बल्कि सम्मान और सहारा है।’’

भाषा

देवेंद्र अविनाश

अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments