scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशहमारी पार्टी शब्दों की बाजीगरी नहीं, काम आधारित राजनीति के लिए प्रतिबद्ध: तमिल अभिनेता विजय

हमारी पार्टी शब्दों की बाजीगरी नहीं, काम आधारित राजनीति के लिए प्रतिबद्ध: तमिल अभिनेता विजय

Text Size:

चेन्नई, 20 अक्टूबर (भाषा) नवगठित राजनीतिक दल तमिला वेत्री कझगम (टीवीके) के अध्यक्ष अभिनेता विजय ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी शब्दों की बाजीगरी के लिए नहीं बल्कि काम आधारित राजनीति के लिए प्रतिबद्ध है।

तमिलनाडु में विल्लुपुरम जिले के विक्रवंडी में 27 अक्टूबर को होने वाले टीवीके के प्रथम प्रदेश सम्मेलन से पहले पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को पत्र लिखते हुए विजय ने उनसे ‘कदामि, कन्नियम, कट्टुप्पाडु’ यानी ‘कर्तव्य, गरिमा और अनुशासन’ के सिद्धांत का पालन करने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि ‘कर्तव्य, गरिमा और अनुशासन’ एक प्रसिद्ध सिद्धांत है जिसे द्रमुक संस्थापक और द्रविड़ नेता सी एन अन्नादुरई अक्सर उद्धृत करते थे।

विजय ने कहा कि सफलता और विफलता ही राजनीति के एकमात्र मापदंड नहीं हैं बल्कि यह विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है।

विजय ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘शब्दों की बाजीगरी करना हमारा काम नहीं है। जहां तक ​​हमारा सवाल है, हमारी राजनीतिक मातृभाषा कार्य/कार्रवाई की भाषा है।’’

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे लोगों के बीच यह मजबूत छाप छोड़ेंगे कि टीवीके कार्यकर्ता राजनीति में गहरी समझ रखते हैं, जिसमें प्रथम प्रदेश सम्मेलन के लिए उनका कार्य भी शामिल है।

लोकप्रिय तमिल अभिनेता विजय ने इस साल फरवरी में अपनी पार्टी के गठन का एलान किया था और सितंबर में उन्होंने घोषणा की थी कि निर्वाचन आयोग ने उनकी पार्टी को विधिवत पंजीकृत कर दिया है।

उन्होंने विश्वास जताया था कि उनकी पार्टी तमिलनाडु में प्रमुख राजनीतिक ताकत के रूप में उभरेगी।

भाषा

राजकुमार प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments