scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशराज्यसभा चुनाव में हमारा उम्मीदवार जीतेगा: तेजस्वी यादव

राज्यसभा चुनाव में हमारा उम्मीदवार जीतेगा: तेजस्वी यादव

Text Size:

पटना, दस मार्च (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन के विधायकों के साथ बैठक के बाद दावा किया कि आगामी राज्यसभा चुनाव में उनकी पार्टी के एकमात्र उम्मीदवार को पर्याप्त विधायकों का समर्थन मिलेगा और वह चुनाव जीतेंगे।

जीत के लिए जरूरी संख्याबल के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि “संख्या बल है तभी तो चुनाव लड़ रहे हैं।”

हालांकि यादव ने इस मुद्दे पर विस्तार से कुछ नहीं कहा, लेकिन महागठबंधन के नेताओं का दावा है कि उनके पास कुल 35 विधायक हैं, जो राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए आवश्यक संख्या से छह कम है।

महागठबंधन के नेताओं का कहना है कि हैदराबाद से सांसद ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के पांच विधायक और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एकमात्र विधायक ‘धर्मनिरपेक्षता के हित’ में विपक्षी उम्मीदवार का समर्थन करेंगे।

राजद के राज्यसभा सदस्य अमरेंद्र धारी सिंह ने इस बार भी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं। इसके साथ ही बिहार में राज्यसभा की पांच सीट के लिए मतदान आवश्यक हो गया है। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने भी पांच उम्मीदवार उतारे हैं।

उल्लेखनीय है कि तेजस्वी ने बैठक के बाद एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान से फोन पर बात की। बातचीत की पुष्टि करते हुए अख्तरूल ने कहा कि बुधवार को पार्टी आलाकमान से निर्देश मिलने के बाद यादव के साथ राज्यसभा चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।

भाषा कैलाश

जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments