पणजी, 19 सितंबर (भाषा) गोवा में विपक्षी नेताओं ने शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता रामा काणकोणकर पर हमले के विरोध में मुख्यमंत्री आवास तक मार्च निकाला।
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दिनदहाड़े सामाजिक कार्यकर्ता रामा काणकोणकर पर हुए बर्बर हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। गैंगवार, नशा, महिलाओं से दुर्व्यवहार और अब यह हमला दर्शाता है कि गोवा में भाजपा सरकार के तहत कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।’’
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार अपराह्न पणजी के निकट काणकोणकर पर हुए क्रूर हमले के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक व्यक्ति अब भी फरार है।
विधानसभा में विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ, विधायक विजय सरदेसाई (गोवा फॉरवर्ड पार्टी), कार्लोस अल्वारेस फरेरा (कांग्रेस), वेन्जी वीगास (आप), गोवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित पाटकर और उपाध्यक्ष सुनील कवथंकर, राज्य आप प्रमुख अमित पालेकर और अन्य लोग घटना के विरोध में शुक्रवार सुबह आजाद मैदान में एकत्र हुए।
अलेमाओ ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “यह लोकतंत्र की मौत है। सरकार जनता की आवाज दबा रही है। एक सामाजिक कार्यकर्ता पर दिनदहाड़े हमला किया गया।”
उन्होंने मांग की कि हमले के असली साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने शहर स्थित भाजपा कार्यालय और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के आधिकारिक आवास तक मार्च किया।
पुलिस द्वारा रास्ते में रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों ने डी.बी. बंदोदकर रोड को अवरुद्ध कर दिया।
बाद में, सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सावंत से उनके आवास पर मुलाकात की।
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए सावंत ने कहा कि राज्य में आपराधिक गिरोहों और उनकी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मांग के अनुसार, वह आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाने पर विचार कर रहे हैं।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.