scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशवांछित अपराधियों के खिलाफ 10 फरवरी से शुरू होगा ‘ऑपरेशन प्रहार-2’: पंजाब डीजीपी

वांछित अपराधियों के खिलाफ 10 फरवरी से शुरू होगा ‘ऑपरेशन प्रहार-2’: पंजाब डीजीपी

Text Size:

चंडीगढ़, आठ फरवरी (भाषा) पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को कहा कि पुलिस सोमवार से वांछित अपराधियों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ शुरू करेगी।

यादव ने कहा कि 72 घंटे का अभियान वांछित अपराधियों पर केंद्रित है और यह सोमवार से शुरू होगा। डीजीपी ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अभियान का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा कर पंजाब को सुरक्षित बनाना है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत 12,000 अधिकारी तैनात किए जाएंगे, जो 2,000 टीम का हिस्सा होंगे। यादव ने कहा, ‘‘हमारा उद्देश्य पंजाब को अपराध और गैंगस्टर मुक्त बनाना है। अपराध और संगठित अपराध को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति है।’’

इससे पहले 20 जनवरी को, पंजाब पुलिस ने संगठित अपराध के पूरे सहायक तंत्र को खत्म करने के लिए एक राज्यव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू किया था।

पिछले महीने के अभियान के नतीजे पर यादव ने कहा कि अब तक 5,290 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, और 2,972 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है।

‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ (मादक पदार्थ के खिलाफ युद्ध) के तहत अभियान पर, डीजीपी ने कहा कि मार्च 2025 से अब तक 34,000 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, और 45,000 गिरफ्तारियां की गई हैं, जिनमें 3,000 बड़े आपूर्तिकर्ता और 65 हवाला ऑपरेटर शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि अब तक 2,150 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है।

यादव ने कहा कि पुलिस को अभियान को लेकर तैयारियों के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी अपराध स्थल का दौरा करेंगे और क्षेत्र में रहेंगे तथा जांच, गश्त की निगरानी करेंगे।

भाषा आशीष नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments