मंगलुरु (कर्नाटक), 10 मार्च (भाषा) दक्षिण कन्नड़ जिले के बेलथांगडी तालुक में कनियूरु गांव में लाइसेंस के बिना भारी मात्रा में डीजल का भंडारण करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने कहा कि बेलथांगडी की पुलिस अधिकारी रोहिणी सीके ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम को सक्रिय किया, जिसने नौ मार्च की रात को बताए गए स्थान पर छापा मारा।
तलाशी के दौरान अधिकारियों ने आरोपी जगदीश (35) के मकान के पास एक शेड में डीजल का भंडारण पाया।
पुलिस ने कहा कि प्रत्येक 200 लीटर के करीब 20 ‘बैरल’ और 35 लीटर क्षमता वाले पांच कैन डीजल के बरामद किए गए।
उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर करीब 3.5 लाख रुपये मूल्य का करीब 4,175 लीटर डीजल जब्त किया गया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि बिना किसी वैध लाइसेंस के डीजल का भंडारण किया गया था और आवश्यक सुरक्षा नियमों का भी पालन नहीं किया गया था।
उप्पिनांगडी पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
भाषा सं राजेंद्र जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
