scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशडेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक महीने की पैरोल

डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक महीने की पैरोल

Text Size:

चंडीगढ़, 17 जून (भाषा) जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह एक महीने की पैरोल मिलने के बाद शुक्रवार सुबह रोहतक की जेल से बाहर आया।

हरियाणा के कारागार मंत्री रंजीत चौटाला ने बताया कि 30 दिन की पैरोल रोहतक संभागीय आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों की सिफारिश पर दी है।

सिंह 2017 में बलात्कार के मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है।

मंत्री के अनुसार, सिंह ने अपनी याचिका में कहा था कि वह उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा में स्थित डेरा सच्चा सौदा के आश्रम जाना चाहता है।

मंत्री ने बताया कि पैरोल के लिए मंजूरी दिए जाने से पहले बागपत में प्रशासन से अनुमति ली गई थी।

इससे पहले, रोहतक जेल के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा था, ‘‘उसे एक महीने की पैरोल मिली है और वह शुक्रवार को जेल से बाहर आएगा।’’

डेरा प्रमुख सिरसा में अपने आश्रम में दो महिला शिष्यों के साथ बलात्कार के मामले में 20 साल की जेल की सजा काट रहा है। सिरसा में डेरा सच्चा सौदा का मुख्यालय है। उसे अगस्त 2017 में पंचकूला में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक विशेष अदालत ने दोषी ठहराया था।

इससे पहले, फरवरी में पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले ही डेरा प्रमुख को तीन सप्ताह की छुट्टी दी गई थी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने तब उसकी रिहाई और पंजाब चुनाव के बीच किसी भी संबंध को खारिज कर दिया था। डेरा प्रमुख ने तब गुरुग्राम में अपने परिवार के साथ समय बिताया था।

भाषा निहारिका अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments