इंदौर (मध्यप्रदेश), 23 अगस्त (भाषा) केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को 130वें संविधान संशोधन विधेयक को ‘प्रगतिशील कानून’ बताया और पूछा कि विधेयक को लेकर विरोध जता रहा विपक्ष क्या भ्रष्टाचार के पक्ष में है?
मेघवाल ने देश के सबसे स्वच्छ शहर में ‘अपने इंदौर के लिए एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने इसके बाद 130वें संविधान संशोधन विधेयक पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरे ख्याल में यह बहुत शानदार और प्रगतिशील कानून है। विपक्ष को इस कानून का समर्थन करना चाहिए, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध किया। क्या विपक्ष भ्रष्टाचार के पक्ष में है?’’
विपक्ष द्वारा इस प्रस्तावित कानून के दुरुपयोग की आशंका जताए जाने पर केंद्रीय कानून मंत्री ने कहा कि विपक्ष पूरा विधेयक पढ़ता नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा,‘‘हमने देखा है कि दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जेल जाने के बावजूद अपना पद नहीं छोड़ा था।’’
मेघवाल ने यह भी कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों ने देश का मान-सम्मान बढ़ाया और इस अभियान को लेकर संसद के मॉनसून सत्र में शानदार चर्चा हुई।
उन्होंने इंदौर में पौधारोपण अभियान में शामिल होने के दौरान सिंदूर का पेड़ लगाया।
केंद्रीय कानून मंत्री ने इस मौके पर एक सभा में कहा,‘‘पेड़ धरती मां का श्रृंगार हैं। धरती को हरा-भरा रखने के लिए हमें एक पेड़ अपनी मां के नाम लगाने का संकल्प लेना चाहिए।’’
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के कबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद थे।
भाषा हर्ष प्रशांत संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.