scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशममता के ‘दीदी के बोलो’ की तर्ज पर अभिषेक बनर्जी ने भी शुरू किया हेल्पलाइन नंबर

ममता के ‘दीदी के बोलो’ की तर्ज पर अभिषेक बनर्जी ने भी शुरू किया हेल्पलाइन नंबर

Text Size:

डायमंड हार्बर (पश्चिम बंगाल), 18 जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 2019 में शुरू किए गए ‘दीदी के बोलो’ (दीदी को बताएं) जनसंपर्क कार्यक्रम की तर्ज पर अपने लोकसभा क्षेत्र के लोगों तक पहुंचने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर शुरू किया।

सांसद के रूप में आठ वर्ष पूरे करने के अवसर पर डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने आठ वर्षों में निर्वाचन क्षेत्र के लिए किए गए कार्यों का एक रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया।

केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी एजेंसियों के जरिये अपने राजनीतिक विरोधियों को डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी के भतीजे ने यहां एक बैठक में दावा किया कि राज्य के मुख्य विपक्षी दल के कई नेता टीएमसी में शामिल होने के लिए तैयार हैं।

सांसद ने बाद में ट्वीट किया, “आज, अपनी नेता ममता बनर्जी की प्रमुख पहल से प्रेरित होकर, मैं डायमंड हार्बर निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के लिए ‘एक दाके अभिषेक’ (एक फोन कॉल पर अभिषेक) लॉन्च कर रहा हूं। इस हेल्पलाइन के माध्यम से आप अपनी किसी भी चिंता और सुझाव के लिए सीधे मुझसे 7887778877 पर संपर्क कर सकते हैं।”

बनर्जी ने 2014 से एक सांसद के रूप में अपनी “उपलब्धियों” का विवरण देते हुए एक रिपोर्ट कार्ड “निशब्दो बिप्लब” (मौन क्रांति) भी जारी किया।

उन्होंने बैठक में कहा, “पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पूरे लोकसभा क्षेत्र के हर घर में जाकर लोगों को रिपोर्ट कार्ड देंगे और हेल्पलाइन नंबर के बारे में जागरूकता फैलाएंगे।”

भाषा

प्रशांत पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments