scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशउमर ने गठबंधन के सहयोगियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की : कांग्रेस ने कहा-नेकां से मतभेद नहीं

उमर ने गठबंधन के सहयोगियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की : कांग्रेस ने कहा-नेकां से मतभेद नहीं

Text Size:

जम्मू, दो फरवरी (भाषा) जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस सप्ताहांत अपनी सरकार का बजट पेश करने से पहले सोमवार को जम्मू में नेशनल कांफ्रेंस और उसके सहयोगी दलों के विधायकों की एक संयुक्त बैठक की अध्यक्षता की।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता और विधायक एम वाई तारिगामी अस्वस्थ होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हुए जबकि कांग्रेस का प्रतिनिधित्व जम्मू-कश्मीर विधानसभा में उसके मुख्य सचेतक निजामुद्दीन भट ने किया। भट ने बैठक के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां)के साथ किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया।

भट ने कहा कि उनकी पार्टी ने एक समन्वय समिति बनाने का सुझाव दिया है।

सदन के सुचारू संचालन पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई बैठक में सरकार का समर्थन करने वाले सभी निर्दलीय विधायक भी उपस्थित थे। नेकां अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला भी इस दौरान मौजूद रहे।

सदन के नेता मुख्यमंत्री अब्दुल्ला छह फरवरी को विधानसभा में अपनी सरकार का दूसरा बजट पेश करेंगे।

कुल 27 दिन के बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के संबोधन के साथ हुआ।

भट ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘ नेकां के साथ हमारे संबंधों में कोई गतिरोध नहीं है। कांग्रेस ने अपने प्रतिनिधि को पार्टी के विचारों को स्पष्ट रूप से रखने के लिए अधिकृत किया था, और ऐसा किया गया। किसी भी गठबंधन में कमियां हो सकती हैं, और जनता के हित में इन्हें दूर किया जाना चाहिए। इस पर कोई समझौता नहीं हो सकता।’’

भट ने कहा कि कांग्रेस और नेकां ‘स्वाभाविक सहयोगी’ हैं और मिलकर लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि जम्मू और कश्मीर पर राष्ट्रीय स्तर की राजनीति के प्रभाव को देखते हुए, एकता में आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘सुधार की बात करना विरोध नहीं है। अगर हमें लगता है कि कोई कदम सही नहीं है, तो हम ऐसा कहेंगे और सुधार की मांग करेंगे।’’ भट ने बैठक में अन्य कांग्रेस विधायकों की गैर-भागीदारी का भी बचाव किया।

भाषा धीरज संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments