पारादीप (ओडिशा), 27 फरवरी (भाषा) ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में 23 साल की एक युवती के साथ एक ही दिन में दो बार अलग-अलग स्थानों पर उसके पुरुष मित्र ने और मदद का दिखावा करने वाले एक अजनबी ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया और फिर उसे चार मंजिला इमारत से फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
जगतसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक अंकित कुमार वर्मा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘यह घटना 22 फरवरी को उस समय हुयी जब महिला घर छोड़कर अपने पुरुष मित्र के साथ जाने की योजना के साथ निकली थी। युवती के पुरुष मित्र ने शादी का वादा करके उसे मंदिर बुलाया था। हालांकि, वह उसे एक सुनसान जगह पर ले गया और दुष्कर्म करने के बाद उसे रहमा बस अड्डे पर छोड़ दिया।’’
वर्मा ने शिकायत के हवाले से बताया कि जब पीड़िता बस अड्डे पर इंतजार कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल सवार एक अन्य व्यक्ति ने उसे असहाय देख मदद की पेशकश की, जो झारखंड का रहने वाला था।
एसपी ने बताया कि वह व्यक्ति युवती को पारादीप कस्बे में किराए के अपने मकान की छत पर ले गया और वहां उसने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने महिला को इमारत की छत से फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई और अगली सुबह उसका शव मिला।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़िता के भाई ने 25 फरवरी को पारादीप मॉडल पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उसकी बहन के साथ 22 फरवरी को दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
उन्होंने बताया कि शिकायत और महिला का शव बरामद होने के बाद 23 फरवरी को अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया।
इससे पहले, 22 फरवरी की शाम को, युवती के भाई ने टिरटोल पुलिस थाने में बहन की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने इस घटना की निंदा की और युवती तथा हाल ही में हुई बलात्कार की घटनाओं के अन्य पीड़ितों के लिए न्याय की मांग की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘और कितनी निर्दोष जानें जाएंगी? नाबालिग लड़कियों से लेकर दिव्यांग युवतियों तक, कोई भी सुरक्षित नहीं है। तो क्या राज्य में अब भी कानून का राज कायम है? अंगुल के कन्हारी, संबलपुर के कुचिंदा और पारादीप से आ रही जघन्य अपराधों की खबरें बेहद परेशान करने वाली हैं। हर तरफ अराजकता, चारों ओर असुरक्षा, हे मां!’’
भाषा धीरज रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
