भुवनेश्वर, आठ फरवरी (भाषा) साइबर पुलिस ने रविवार को पश्चिम बंगाल से एक व्यक्ति को लगभग 50 लाख रुपये के ऑनलाइन धोखाधड़ी मामले में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान हुगली जिले के निवासी अरबिंदा पॉल (46) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसके साथियों ने कथित तौर पर पीड़ित को विभिन्न कंपनियों के नाम पर रखे गए बैंक खातों में निवेश के लिए पैसे भेजने का निर्देश दिया, जबकि वे कंपनियां अस्तित्व में ही नहीं थीं।
शिकायतकर्ता ने विभिन्न खातों में कुल 50.16 लाख रुपये जमा किए लेकिन उसे कोई लाभ नहीं मिला, जिसके बाद उसने भुवनेश्वर के साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर थाना प्रभारी एसीपी सुचिस्मिता दास ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल, गुजरात और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों के छह अलग-अलग बैंक खातों में पैसा भेजा गया था।’’
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए जालसाजों के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 17 मामले लंबित हैं।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
