भुवनेश्वर, 26 सितंबर (भाषा) ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को एक एकीकृत व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू किया, जो राज्य भर के लोगों के लिए जन्म और आय प्रमाण पत्र प्राप्त करने जैसी 120 सेवाओं को सुलभ बनाएगा।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, लोग ड्राइविंग और उर्वरक लाइसेंस के लिए भी आवेदन कर सकते हैं, और ‘अमा साथी’ (मेरा साथी) नामक चैटबॉट का इस्तेमाल करके राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना जैसे प्रोत्साहनों का लाभ उठा सकते हैं। मुख्य सचिव मनोज आहूजा ने इस चैटबॉट की शुरुआत की।
यह चैटबॉट ओडिया और अंग्रेजी में उपलब्ध है।
आहूजा ने कहा, ‘इस चैटबॉट के माध्यम से लोग आसानी से सार्वजनिक शिकायतों को उठा सकते हैं और उन पर नजर रख सकते हैं, आवास और शहरी विकास संसाधनों तक पहुंच सकते हैं, और सामान्य प्रशासन सेवाओं के साथ बातचीत कर सकते हैं।’
उन्होंने कहा कि चैटबॉट शिक्षा, कृषि और बागवानी से संबंधित सेवाएं भी प्रदान करता है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि किसानों और छात्रों को समय पर जानकारी और सहायता मिल सके।
ओडिशा के लोग सहायता के लिए पुलिस सेवाओं से भी जुड़ सकते हैं, भूमि रिकॉर्ड और राजस्व विवरण देख सकते हैं।
इसके साथ ही, मुख्य सचिव द्वारा ओडिशा लोक सेवा अधिकार अधिनियम की केंद्रीय निगरानी प्रणाली (सीएमएस) का एक डैशबोर्ड भी शुरू किया गया।
ओडिशा, आंध्र प्रदेश के बाद दूसरा राज्य है जिसने नागरिक सेवाओं के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट को लेकर मेटा के साथ साझेदारी की है।
भाषा आशीष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.