भुवनेश्वर, 20 मार्च (भाषा) ओडिशा सरकार ने अधिकारियों को गर्मियों के दौरान पेयजल और बिजली आपूर्ति की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने लू जैसी स्थिति से निपटने को लेकर बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए, जिसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
अधिकारियों ने बताया कि लू से होने वाली मौतों को रोकने के लिए आवश्यक एहतियाती उपायों के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने पर बैठक में जोर दिया गया।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बाजारों, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था की गई है।
इसी के साथ ऊर्जा विभाग को भीषण गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आवास एवं शहरी विकास तथा पंचायती राज एवं पेयजल विभाग को जल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकर से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को सभी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में निवारक दवाओं, ओआरएस आदि का पर्याप्त भंडार रखने को कहा गया है तथा लू प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष बिस्तरों की व्यवस्था करने के लिए कहा गया है।
परिवहन विभाग को बसों और अन्य यात्री वाहनों की आवाजाही को विनियमित करने तथा ओआरएस पैकेट और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जन जागरूकता के लिए सभी जिलों में पोस्टर और बैनर वितरित किए जा रहे हैं तथा राज्य और जिला स्तर पर 24 घंटे काम करने वाले नियंत्रण कक्ष भी चालू कर दिए गए हैं।
भाषा प्रचेता माधव अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
