scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशओडिशा: पूर्व विधायक जीवन प्रदीप दास ने भाजपा से इस्तीफा दिया

ओडिशा: पूर्व विधायक जीवन प्रदीप दास ने भाजपा से इस्तीफा दिया

Text Size:

भुवनेश्वर, 13 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं बालासोर के पूर्व विधायक जीवन प्रदीप दास ने शुक्रवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने इस्तीफा पत्र में राज्य नेतृत्व के ‘नैतिक पतन’ का आरोप लगाया।

तीन बार के विधायक दास ने बालासोर में एक संवाददाता सम्मेलन में अपने इस्तीफे की घोषणा की, जिसमें उन्होंने दो दिन पहले चिट फंड घोटाले में फंसे पूर्व बीजू जनता दल (बीजद) के सांसद रबींद्र कुमार जेना को भाजपा में शामिल किए जाने का विरोध किया।

दास ने कहा, ‘वर्ष 2024 के ओडिशा चुनाव में सत्ता में आने के बाद पार्टी के नैतिक मानकों में जिस तरह की गिरावट आई है, उसे मैं स्वीकार नहीं कर सकता। सीबीआई द्वारा लंबित और जमानत पर छूटे एक चिट फंड घोटाले के आरोपी व्यक्ति को पार्टी में शामिल करके पार्टी अपने मूल्य-आधारित राजनीति से बहुत दूर भटक गई है।’

भारतीय वायुसेना के पूर्व सैनिक, दास पहली बार 2000 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा के लिए चुने गए थे। बाद में वह बीजद में शामिल हो गए और 2009 और 2014 में बालासोर सदर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीते। वर्ष 2020 में, उन्हें दल-विरोधी गतिविधियों के लिए बीजद से निलंबित कर दिया गया था, जिसके बाद वह 2021 में भाजपा में फिर से शामिल हो गए।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments