scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशओडिशा: राज्यसभा की चार सीट के लिए पांच उम्मीदवारों ने किया नामांकन, ‘क्रॉस वोटिंग’ के आसार

ओडिशा: राज्यसभा की चार सीट के लिए पांच उम्मीदवारों ने किया नामांकन, ‘क्रॉस वोटिंग’ के आसार

Text Size:

भुवनेश्वर, पांच मार्च (भाषा) ओडिशा में राज्यसभा की चार सीट के लिए बृहस्पतिवार को कुल पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए जिसके बाद ‘क्रॉस वोटिंग’ होने के आसार हैं क्योंकि न तो सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और न ही विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) के पास चौथी सीट जीतने के लिए संख्याबल है।

इन पांच उम्मीदवारों में दो-दो उम्मीदवार भाजपा व बीजद के हैं जबकि एक उम्मीदवार निर्दलीय है, जिसे भाजपा का समर्थन हासिल है।

भाजपा की ओडिशा इकाई के प्रमुख मनमोहन सामल और राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप रे ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किए, जिनका भाजपा ने समर्थन किया है।

बीजद उम्मीदवारों संतृप्त मिश्रा और प्रख्यात चिकित्सक डॉक्टर दत्तेश्वर होटा ने नामांकन पत्र दाखिल किए। होटा को कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का समर्थन हासिल है।

सोलह मार्च को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए बृहस्पतिवार नामांकन का आखिरी दिन था।

ओडिशा विधानसभा के एक अधिकारी ने कहा, “नामांकन पत्र दाखिल करने की समयसीमा यानी अपराह्न तीन बजे तक चार सीट के लिए पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।”

मतदान 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा और मतगणना उसी दिन शाम पांच बजे शुरू होगी।

संख्याबल के हिसाब से भाजपा दो और बीजद एक सीट आराम से जीत सकती है, लेकिन चौथी सीट पर रे और होटा के बीच मुकाबला होने की उम्मीद है।

भाजपा के पास 79 विधायक और तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन है, जिससे उसकी संख्या 82 हो जाती है। अपने दो आधिकारिक उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के बाद पार्टी के पास 22 वोट अतिरिक्त बचेंगे, लिहाजा तीसरी सीट जीतने के लिए उसे आठ वोट की जरूरत होगी।

दूसरी ओर बीजद के 48 विधायक हैं, क्योंकि उसके दो सदस्यों को पिछले महीने निलंबित कर दिया गया था। एक सीट जीतने के बाद उसके पास पहली वरीयता के 18 मत होंगे, लेकिन दूसरी सीट जीतने के लिए उसे 12 और मतों की जरूरत होगी। कांग्रेस के 14 और माकपा का एक विधायक है।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments