scorecardresearch
Saturday, 1 March, 2025
होमदेशओडिशा: प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री आवास के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

ओडिशा: प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री आवास के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

Text Size:

भुवनेश्वर, एक मार्च (भाषा) ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन के दौरान शनिवार को भुवनेश्वर स्थित मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के आवास के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हो गई।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भक्त चरण दास के नेतृत्व में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध की निंदा करते हुए नारेबाजी की और महात्मा गांधी मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास की ओर जुलूस निकाला।

दास ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए पत्रकारों से कहा, ‘‘पिछले आठ महीनों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 1,600 से अधिक मामले दर्ज किए गए, जिनमें सामूहिक दुष्कर्म के 54 मामले शामिल हैं। सरकारी स्कूलों में बच्चियां गर्भवती हो रहीं हैं। भगवान जगन्नाथ की भूमि पर क्या हो रहा है?’’

राज्य में भाजपा ने पिछले साल जून माह में सरकार बनाई।

दास ने मुख्यमंत्री से जवाब मांगते हुए कहा, ‘‘मलकानगिरी, जाजपुर और क्योंझर जिलों में स्कूली छात्राएं सरकारी छात्रावासों में रहते हुए गर्भवती हो गई हैं। यह कैसे संभव है?’’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ गृह मंत्रालय के प्रभारी का दायित्व संभालने वाले माझी अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकते।

कांग्रेस नेता मीनाक्षी बहिनीपति ने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के अधिकतर पीड़ित आदिवासी समुदाय से हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हमें मुख्यमंत्री के रूप में एक आदिवासी नेता मिले हैं, लेकिन वह राज्य की लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री आवास से कुछ ही दूरी पर जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका गया तो उनकी पुलिस से झड़प हो गई।

पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की और रोके गए कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई कर दी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद दास नियमित रूप से महिला सुरक्षा का मुद्दा उठा रहे हैं।

दास ने दावा किया, ‘‘राज्य में हर दिन कम से कम सात महिलाएं किसी न किसी रूप में अत्याचार का शिकार होती हैं।’’

भाषा यासिर दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments