भुवनेश्वर, 13 मार्च (भाषा) ओडिशा में सत्तारूढ़ भाजपा ने शुक्रवार को एक व्हिप जारी कर अपने सभी विधायकों को 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव में मतदान के लिए विधानसभा में उपस्थित रहने को कहा।
सरकार के मुख्य सचेतक सरोज प्रधान ने एक पत्र लिखकर पार्टी विधायकों से सोमवार को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक विधानसभा परिसर में उपस्थित रहने को कहा।
भाजपा द्वारा अपने विधायकों को जारी किया गया व्हिप, बीजद और कांग्रेस द्वारा अपने विधायकों को राज्यसभा चुनाव के दौरान राज्य की राजधानी में उपस्थित रहने का आदेश जारी किए जाने के बाद आया है।
ओडिशा विधानसभा में 147 सदस्य हैं, जिनमें भाजपा के 79 विधायक हैं और उसे तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है। वहीं, मुख्य विपक्षी दल बीजद के दो सदस्यों के निलंबन के बाद उसके 48 विधायक हैं। कांग्रेस के 14 विधायक हैं।
विधानसभा में दलों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए, भाजपा की दो सीट निश्चित रूप से जीतेगी जबकि एक सीट बीजद के खाते में जाएगी।
ओडिशा विधानसभा में 12 साल के अंतराल के बाद राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होने जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि संसद के ऊपरी सदन के लिए अंतिम मतदान 2014 में हुआ था।
इस बार राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होगा क्योंकि दो अप्रैल को खाली होने वाली चार सीटों के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं।
भाषा नेत्रपाल पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
