scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशबजट सत्र से पहले ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष ने सर्वदलीय बैठक आयोजित की

बजट सत्र से पहले ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष ने सर्वदलीय बैठक आयोजित की

Text Size:

भुवनेश्वर, 16 फरवरी (भाषा) ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सोमवार को बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक आयोजित की और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विपक्ष और सत्तारूढ़ दल के सदस्यों से सहयोग मांगा।

राज्य विधानसभा का बजट सत्र मंगलवार से शुरू होगा और आठ अप्रैल तक चलेगा, जिसमें 25 फरवरी से आठ मार्च तक अवकाश रहेगा।

विधानसभा परिसर में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री के.वी. सिंह देव, सदन में बीजू जनता दल (बीजद) के उपनेता प्रसन्ना आचार्य और कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता रामचंद्र कदम समेत कई लोग मौजूद थे।

पाढ़ी ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि राज्यपाल हरि बाबू कम्भमपति मंगलवार को सदन को संबोधित करेंगे और उनके अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा 18 और 19 फरवरी को होगी।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट 20 फरवरी को पेश किया जायेगा और बजट पर आम चर्चा 23 और 24 फरवरी को होगी। विनियोग विधेयक 31 मार्च को पेश किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि अवकाश के बाद, विभागीय संबंधित स्थायी समितियां नौ मार्च को सदन के समक्ष अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी।

पाधी ने कहा कि सत्र के दौरान सरकारी कामकाज के लिए तीन दिन निर्धारित किए गए हैं जबकि गैर सरकारी कामकाज के लिए भी तीन दिन निर्धारित किये गये हैं।

बैठक में मौजूद बीजद की मुख्य सचेतक प्रमिला मल्लिक ने कहा, ‘‘हम सदन में किसानों से संबंधित मुद्दों समेत कई मुद्दे उठाएंगे, क्योंकि उन्हें अपनी धान की उपज बेचने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।’’

उन्होंने कहा कि इन विवरणों पर आज बाद में बीजद विधायक दल की बैठक के दौरान चर्चा की जाएगी।

कांग्रेस नेता कदम ने कहा कि उनकी पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष से निष्पक्ष रहने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि आज शाम यहां होने वाली सीएलपी की बैठक में सत्र के लिए पार्टी की रणनीति तैयार की जायेगी।

संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग ने बैठक में भाग लेने के बाद कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य सदन के सुचारू संचालन पर ध्यान केंद्रित करना था।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि सदन को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी सदस्य सहयोग करेंगे।’’

भाषा

देवेंद्र मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments