scorecardresearch
Monday, 20 April, 2026
होमदेशजयपुर और जोधपुर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

जयपुर और जोधपुर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

Text Size:

जयपुर, 17 जुलाई (भाषा) जोधपुर में एक दलित लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की कथित घटना के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जयपुर और जोधपुर में प्रदर्शन किया और दोषियों को मौत की सजा देने की मांग की।

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जयपुर में राजस्थान विश्वविद्यालय के सामने और जोधपुर में जेएनवी विश्वविद्यालय के पुराने परिसर के बाहर प्रदर्शन किया।

यह मामला सोमवार को विधानसभा में भी उठा, जहां मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए।

एनएसयूआई ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं का इस घटना से संबंध होने का भी आरोप लगाया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि, एबीवीपी ने इन आरोपों को खारिज किया।

एनएसयूआई नेता रमेश भाटी ने जयपुर में कहा, ‘‘यह घटना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। अपराध में शामिल लोगों को मौत की सजा दी जानी चाहिए। घटना से पूरे राज्य की जनता आक्रोशित है।’’

एक अन्य नेता ने एबीवीपी पर आरोप लगाया, ‘‘एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने शिक्षण संस्थानों का माहौल खराब किया है। भाजपा ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ की बात करती है और कुछ दिन पहले एबीवीपी ने महिला सुरक्षा को लेकर रैली निकाली थी, लेकिन कल जोधपुर में विश्वविद्यालय परिसर में सामूहिक बलात्कार में एबीवीपी कार्यकर्ताओं की संलिप्तता की बात सामने आई है।’’

एनएसयूआई ने जोधपुर में भी प्रदर्शन किया, जहां यह घटना हुई थी।

यह मुद्दा सोमवार को विधानसभा में भी उठा, जहां शून्यकाल के दौरान भाजपा और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के विधायकों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अपने प्रेमी के साथ घर छोड़ने वाली 17 वर्षीय दलित लड़की के साथ रविवार तड़के जोधपुर के पुराने जेएनवी विश्वविद्यालय परिसर के हॉकी मैदान में उसके प्रेमी के सामने तीन आरोपियों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के कुछ घंटे बाद ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस उपायुक्त (जोधपुर पूर्व) अमृता दुहन ने रविवार को कहा था कि आरोपी एक छात्र नेता के लिए प्रचार कर रहे थे, जो छात्र संघ चुनाव के लिए एबीवीपी से टिकट मांग रहा है। हालांकि, एबीवीपी ने कहा कि आरोपी का उससे कोई संबंध नहीं है।

भाषा

पृथ्वी मनीषा पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments