scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशजनवरी के पहले पखवाड़े में ‘807 गुमशुदा’ मामलों पर दिल्ली सरकार और पुलिस को नोटिस: एनएचआरसी

जनवरी के पहले पखवाड़े में ‘807 गुमशुदा’ मामलों पर दिल्ली सरकार और पुलिस को नोटिस: एनएचआरसी

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा)राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने सोमवार को बताया कि उसने पुलिस आंकड़ों के हवाले से मीडिया में आई खबरों पर संज्ञान लिया है जिसके मुताबिक जनवरी के पहले पखवाड़े में राष्ट्रीय राजधानी में ‘807 लोग लापता हुए हैं’ और दिल्ली सरकार और पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी किए हैं।

एनएचआरसी ने कहा कि यदि खबर में दी गई जानकारी सच है, तो इससे ‘‘मानवाधिकारों के उल्लंघन के गंभीर मुद्दे’’ उठते हैं।

आयोग ने यहां जारी एक बयान में कहा, ‘‘इसलिए, दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव और दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है।’’

बयान के मुताबिक आयोग ने मीडिया में आई खबरों पर स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें कहा गया है कि दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 के पहले दो हफ्तों में राष्ट्रीय राजधानी में 807 लोग लापता हो गए। इनमें 191 नाबालिग और 616 वयस्क शामिल हैं। पुलिस ने 235 लोगों का पता लगा लिया है और 572 लोग अब भी लापता हैं।

मीडिया में पांच फरवरी को आई खबरों के मुताबिक 2025 में दिल्ली में कुल 24,508 लोग लापता हुए जिनमें से 60 प्रतिशत महिलाएं थीं। पुलिस 15,421 लापता लोगों का पता लगाने में सफल रही, जबकि 9,087 मामले अनसुलझे रहे।

भाषा धीरज नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments