डिब्रूगढ़, नौ फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के सोशल मीडिया खाते से कथित विवादित वीडियो को साझा करने की जानकारी नहीं है, जिसे बाद में हटा दिया गया था।
वीडियो में शर्मा को कथित तौर पर राइफल से निशाना साधते और दो लोगों पर गोली चलाते हुए दिखाया गया था, जिनमें से एक ने टोपी पहनी थी और दूसरे की दाढ़ी थी। वीडियो के कैप्शन में ‘‘प्वाइंट ब्लैंक शॉट’’ (बिल्कुल करीब से गोली मारी गई) लिखा था। बाद में वीडियो को हटा दिया गया था।
मुख्यमंत्री ने यहां एक आधिकारिक समारोह से इतर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कि उन्हें ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी द्वारा हैदराबाद में उक्त वीडियो को लेकर पुलिस के समक्ष दर्ज कराई की किसी भी शिकायत की जानकारी नहीं है।
शर्मा से जब उक्त वीडियो के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे इस वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं है।’’
एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए और अब हटाए गए वीडियो को लेकर सोमवार को हैदराबाद पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई और मामले में असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की।
शर्मा ने कहा, ‘‘अगर मेरे खिलाफ कोई मामला दर्ज किया गया है, तो मुझे गिरफ्तार कर लीजिए। मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं जेल जाने के लिए तैयार हूं। मैं हमेशा अपने शब्दों पर कायम रहूंगा। मैं बांग्लादेशी घुसपैठियों का विरोधी हूं और हमेशा रहूंगा।’’
भाषा धीरज रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
