scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशतमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून तेज, कोडईकनाल में 'रेड अलर्ट'

तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून तेज, कोडईकनाल में ‘रेड अलर्ट’

Text Size:

डिंडीगुल/थेनी, 26 अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून के तेज होने के साथ कोडईकनाल में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। लगातार बारिश के कारण हिल स्टेशन के प्रमुख पर्यटन स्थल सुनसान हैं और स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है।

डिंडीगुल जिले के कोडईकनाल के मूनजिक्कल-दोबिकाना (टोपिक्कनाल) इलाके में 20 से अधिक घरों में पानी भर गया। इसके कारण लोगों को अपना सामान और मवेशियों को बचाने के लिए रातभर जागना पड़ा।

स्थानीय धोबी गणेशन ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा कि घरों में बारिश का पानी घुसने से उनका कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। उन्होंने इस समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका और राज्य सरकार से जल निकासी नाले के दोनों ओर सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की।

दिहाड़ी मजदूर अनीता मैरी ने भी बताया कि घरों में पानी भरने के कारण परिवारों को रातभर जागकर अपने मवेशियों को बचाने में जुटना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने इलाके में करीब 30 साल पुराने पुल में बारिश के कारण दरारें आने पर भी चिंता जताई। यह पुल 600 से 700 परिवारों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है और सरकारी खेल मैदान तक पहुंचने का रास्ता भी है।

लोगों ने चेतावनी दी कि पुल ढहने पर इलाका अलग-थलग पड़ सकता है और एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं की पहुंच बाधित हो सकती है। उन्होंने पुल की तत्काल मरम्मत करने और उसकी ऊंचाई बढ़ाने की मांग की।

इस बीच, लगातार बारिश से राज्य के जलाशयों में पानी की आवक बढ़ी है। पड़ोसी थेनी जिले के अंडिपट्टी स्थित वैगई बांध का जलस्तर नौ महीने बाद 50 फुट तक पहुंच गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भाषा नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments