नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष के दौरान चार मार्च को कोच्चि आए एक ईरानी युद्धपोत के चालक दल के गैर जरूरी सदस्यों को भारत जल्द ही स्वदेश भेज सकता है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यदि योजना के अनुसार तुर्की एयरलाइन का विमान कोच्चि में उतरता है, तो ईरानी नाविक अगले कुछ घंटों में विमान से भारत से रवाना हो सकते हैं।
ईरानी जहाज ‘आईआरआईएस लावन’ में गंभीर तकनीकी खराबी आ गई थी और ईरानी पक्ष के अनुरोध पर इसे आपात स्थिति में लंगर डालने की अनुमति दी गई थी।
यह जहाज चार मार्च से कोच्चि में ही है और इसके चालक दल के 183 सदस्य वहां स्थित भारतीय नौसेना के केंद्रों में ठहरे हुए हैं।
सूत्रों ने बताया कि जहाज के चालक दल के वे सभी सदस्य ईरान के लिए रवाना हो जाएंगे, जो आवश्यक कार्यों से जुड़े नहीं हैं। उन्होंने बताया कि कुछ नाविक तब तक कोच्चि में ही रहेंगे जब तक जहाज वहां रहेगा।
यह पता चला है कि ईरानी नाविक हवाई जहाज से आर्मेनिया जाएंगे, जहां से वे सड़क मार्ग से ईरान पहुंचेंगे।
भाषा आशीष प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
