scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशराष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) केंद्र सरकार ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देने के वास्ते शुरू किए गए राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार (आरवीपी) 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं।

इन पुरस्कारों का प्रबंधन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के आरवीपी सचिवालय द्वारा सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार की अध्यक्षता में किया जाता है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को एक बयान में कहा, ‘‘राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ये पुरस्कार हमारे वैज्ञानिकों और नवोन्मेषकों की जिज्ञासा और समर्पण की भावना का सम्मान करते हैं, जो भारत को वैश्विक ज्ञान नेता के रूप में परिवर्तित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।’’

ये पुरस्कार चार अलग-अलग श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे। विज्ञान और प्रौद्योगिकी में आजीवन उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए विज्ञान रत्न, इस क्षेत्र में विशिष्ट योगदान को सम्मानित करने के लिए विज्ञान श्री, युवा वैज्ञानिकों (45 वर्ष तक की आयु) को प्रोत्साहित करने के लिए विज्ञान युवा-शांति स्वरूप भटनागर और सहयोगात्मक उत्कृष्टता के लिए तीन या अधिक शोधकर्ताओं की टीमों को विज्ञान टीम (वीटी) पुरस्कार दिया जाएगा।

स्व-नामांकन सहित नामांकन, गृह मंत्रालय के पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से 28 मार्च 2026 से 11 मई 2026 तक किया जा सकता है।

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments