नोएडा (उप्र), सात दिसंबर (भाषा) यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अपर पुलिस आयुक्त ने चिल्ला बॉर्डर पर मंगलवार शाम को पैदल मार्च किया तथा यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ बातचीत कर सुबह शाम यहां लगने वाले जाम से निजात दिलाने के मुद्दे पर चर्चा की।
अपर पुलिस आयुक्त रविशंकर छवि ने बताया कि उन्होंने पुलिस उपायुक्त यातायात, पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चिल्ला बॉर्डर पर पैदल मार्च किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को हिदायत दी कि दिल्ली पुलिस से वार्ता कर चिल्ला बॉर्डर पर सुबह-शाम लगने वाले जाम से निपटा जाए।
उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और मेट्रो स्टेशन, मॉल, भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
अपर आयुक्त ने बताया कि महिला सुरक्षा इकाई टीम द्वारा क्षेत्र में भ्रमण करते हुए महिलाओं से संवाद किया जा रहा है एवं महिला हेल्पलाइन नंबर के बारे में उन्हें जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
