चेन्नई, 18 मार्च (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय ने तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए ‘‘गठबंधन के वास्ते वार्ता’’ संबंधी दावों को ‘‘झूठा अभियान’’ बताते हुए बुधवार को खारिज कर दिया। हालांकि उन्होंने गठबंधन के संबंध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नाम नहीं लिया।
विजय ने यहां के निकट मामल्लपुरम में आयोजित एक इफ्तार कार्यक्रम में कहा कि टीवीके के गठबंधन में शामिल होने की खबरों के कारण कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।
उन्होंने इस बात के संकेत दिये कि टीवीके 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में राजग के साथ गठबंधन नहीं करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम इस रुख पर अडिग हैं कि (चुनावों में बड़ी जीत के बाद) सरकार का नेतृत्व हम ही करेंगे; धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को लेकर कोई समझौता नहीं होगा।’’
विजय ने कहा कि टीवीके ‘जनता की टीम’ है और उन्होंने इस आरोप को खारिज कर दिया कि उनकी पार्टी ‘‘बी-टीम’’ के रूप में काम करती है।
विजय ने हालांकि इस बात का विस्तार से जिक्र नहीं किया कि किसने टीवीके को ‘बी-टीम’ बताया था।
पिछले लगभग पांच-छह दिनों से ऐसी खबरें हैं कि टीवीके राजग के साथ समझौता कर लेगा। यह दावा किया गया था कि ‘आंध्र प्रदेश के सफल जन सेना-तेदेपा मॉडल’ को तमिलनाडु में आजमाया जा रहा है और विजय पवन कल्याण की तरह उपमुख्यमंत्री बनेंगे।
जहां एक ओर सीटीआर निर्मल कुमार समेत टीवीके नेताओं ने राजग के साथ गठबंधन की संभावना को पहले ही खारिज कर दिया है, वहीं विजय ने खुद पहली बार स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा।
टीवीके नेता आधव अर्जुन ने दावा किया है कि उनकी पार्टी को राज्य के ‘‘ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद और 234 विधानसभा क्षेत्रों में से 90 सीट’’ की पेशकश की गई थी।
अर्जुन ने कहा था कि उनकी पार्टी ‘दिल्ली के सामने नहीं झुकेगी’।
ऐसी अटकलें हैं कि ‘ढाई साल के मुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव केवल भाजपा की ओर से था’, क्योंकि अन्नाद्रमुक ने विजय की पार्टी के साथ गठबंधन के लिए बातचीत करने से कई बार इनकार किया था।
इस बीच टीवीके के एक सूत्र ने बुधवार को बताया कि अभिनेता से नेता बने विजय आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के दौरान चेन्नई के पेरम्बूर निर्वाचन क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
टीवीके एक सूत्र के अनुसार पार्टी आगामी चुनाव में अकेले चुनाव लड़ेगी और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और राजग को चुनौती देगी।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
