थूथुकुडी, 20 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) अध्यक्ष नीतीश कुमार दबाव के आगे झुक गए और चुपचाप राज्यसभा सदस्य बनना स्वीकार कर लिया।
तमिलनाडु के थूथुकुडी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि बिहार में नीतीश को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया और उनकी जगह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सम्राट चौधरी को नियुक्त कर दिया गया।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि “नीतीश दबाव के आगे झुक गए, इसलिए उन्होंने एक शब्द भी नहीं कहा और चुपचाप राज्यसभा चले गए।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश की पुरानी करतूतों ने भाजपा को उन पर पूरी तरह से हावी होने की अनुमति दी और अब वे (भाजपा नेता) बिहार के ऐसे ही मॉडल को तमिलनाडु में भी दोहराना चाहते हैं।
राहुल ने कहा कि तमिलनाडु की बात करें तो ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के पास ऐसे महान नेता थे, जिन्होंने तमिल लोगों के अधिकारों की रक्षा की। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु के लोगों की सेवा करने वाली पुरानी अन्नाद्रमुक अब मौजूद नहीं है।
राहुल ने कहा कि मौजूदा अन्नाद्रमुक महज खोखला ढांचा है। उन्होंने कहा, “जनता की सेवा करने वाली पुरानी अन्नाद्रमुक अब दम तोड़ चुकी है।”
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अन्नाद्रमुक के नेता “अपने भ्रष्टाचार के कारण दबाव के आगे झुक गए हैं।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा अन्नाद्रमुक का इस्तेमाल कर तमिलनाडु की सत्ता में जगह हासिल करने की योजना बना रही है।
राहुल ने कहा कि अन्नाद्रमुक के पास समर्पित कार्यकर्ता हैं, लेकिन उनका पार्टी पर कोई नियंत्रण नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अन्नाद्रमुक को नियंत्रित करने वाले लोग केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पूर्ण नियंत्रण में हैं।
भाषा पारुल संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.