scorecardresearch
Saturday, 24 October, 2026
होमदेशनितिन नवीन ने संवैधानिक संस्थाओं का 'अपमान' करने को लेकर राहुल पर निशाना साधा

नितिन नवीन ने संवैधानिक संस्थाओं का ‘अपमान’ करने को लेकर राहुल पर निशाना साधा

Text Size:

रांची, 23 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को कहा कि देश में अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं का कथित तौर पर अपमान करने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा।

नवीन झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम रांची पहुंचे।

उन्होंने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा, “मेरा दृढ़ विश्वास है कि इस देश में अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है। लोकतंत्र और हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। जिस तरह से नेता प्रतिपक्ष संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं, वह चिंता का विषय है। हम किसी भी परिस्थिति में अराजकता का कोई मौका नहीं दे सकते।”

नवीन ने कहा, “विरोध करने के लोकतांत्रिक तरीके हैं। अगर नेता प्रतिपक्ष अराजकता फैलाने की कोशिश करते हैं, तो हम भी सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेंगे और सदन (संसद) में भी जवाब देंगे।”

झारखंड दौरे के दौरान नवीन शनिवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगे। बैठक में राज्य की राजनीतिक स्थिति और पार्टी की योजनाओं एवं प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी। नवीन प्रदेश के नेताओं के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद नवीन का यह झारखंड का दूसरा दौरा है। इससे पहले वह जून में राज्य आए थे।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि नवीन के मार्गदर्शन में प्रदेश इकाई और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा, “भ्रष्ट सरकार के कारण झारखंड में अराजकता की स्थिति है और राज्य में अपराध एवं भ्रष्टाचार चरम पर हैं।”

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भाजपा हमेशा जनता से जुड़े मुद्दे उठाती रही है। उन्होंने कहा कि नवीन के मार्गदर्शन में पार्टी हर क्षेत्र में राज्य की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए और प्रभावी ढंग से काम करेगी।

भाषा

शुभम पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments