scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमदेशएनजीटी अध्यक्ष, उपराज्यपाल ने नजफगढ़ नाले के पुनर्विकास कार्य का संयुक्त रूप से जायजा लिया

एनजीटी अध्यक्ष, उपराज्यपाल ने नजफगढ़ नाले के पुनर्विकास कार्य का संयुक्त रूप से जायजा लिया

Text Size:

नयी दिल्ली, 31 दिसंबर (भाषा) राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के अध्यक्ष न्यायमूर्ति आदर्श कुमार गोयल और दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने शनिवार को नजफगढ़ नाले की सफाई और इसके कायाकल्प संबंधी कार्य का संयुक्त रूप से जायजा लिया।

राजनिवास की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि न्यायमूर्ति गोयल और सक्सेना ने दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार और विभिन्न हितधारक विभागों तथा एजेंसियों के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भारत नगर (अशोक विहार) से तिमारपुर तक नाले में नाव की सवारी की और सफाई कार्यों का जायजा लिया।

न्यायमूर्ति गोयल ने निरीक्षण के बाद उम्मीद जताई कि जल निकाय के कायाकल्प के लिए किये जा रहे प्रयासों से यमुना में प्रदूषण को कम करने और साहिबी नदी को पुनर्जीवित करने के मामले में वांछनीय परिणाम प्राप्त होंगे। यह नाला पहले साहिबी नदी ही था।

बयान के अनुसार, इस तथ्य पर अफसोस जताते हुए कि नजफगढ़ नाले की सफाई के मामले में अदालत की लगातार निगरानी और अतीत में दिए गए आदेशों के ‘बहुत अच्छे परिणाम’ नहीं आए थे, एनजीटी अध्यक्ष ने उपराज्यपाल से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि ‘किये जा रहे प्रयासों को समयबद्ध तरीके से उनके तार्किक निष्कर्ष पर ले जाया जाये’’।

उपराज्यपाल ने उन्हें आश्वासन दिया कि ‘नजफगढ़ नाले में सीवेज और गाद के जिम्मेदार सभी 122 फीडर नालों को जल्द से जल्द प्रबंधित किया जाएगा और यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी कि नाला नदी के अपने मूल अवतार में फिर से जीवंत हो जाए और यमुना को प्रदूषित करना रुक जाए।’

भाषा सुरेश माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments