scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशनागपुर में महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गैर सरकारी संगठन का निदेशक गिरफ्तार

नागपुर में महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गैर सरकारी संगठन का निदेशक गिरफ्तार

Text Size:

नागपुर, 20 अप्रैल (भाषा) नागपुर में एक महिला कर्मचारी के यौन उत्पीड़न , कार्यालय में अन्य महिलाओं को परेशान करने और धार्मिक मामलों में जबरदस्ती करने आरोप में एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के निदेशक को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मानकापुर थाने के एक अधिकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान अनंत नगर के निवासी 48 वर्षीय रियाज फाजिल काजी के रूप में हुई है जो शहर के झिंगाबाई टाकली में ‘यूनिवर्सल मल्टीपर्पस सोसाइटी’ नामक गैर-सरकारी संगठन का संचालन करता है। अधिकारी ने बताया कि एनजीओ में पांच-छह युवतियां काम करती हैं।

एक 23 वर्षीय महिला कर्मचारी ने शिकायत में आरोपी पर उसके जन्मदिन पर केबिन में बुलाकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया।

अधिकारियों के मुताबिक, पीड़िता का दावा है कि विरोध जताने के बावजूद आरोपी ने कई बार उसका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की और बाद में उसे बदनाम करने के लिए कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोपी पर संगठन में कार्यरत उसकी छोटी बहन पर एक विशेष धर्म का पालन करने का दबाव डालने का आरोप लगाया। अन्य महिला कर्मचारियों ने भी उसके व्यवहार को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है।

एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने कहा कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 23 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है।

भाषा जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments