scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमदेशनये रेलवे स्टेशन का नाम आनंद दिघे के नाम पर रखा जाना चाहिए: शिवसेना सांसद

नये रेलवे स्टेशन का नाम आनंद दिघे के नाम पर रखा जाना चाहिए: शिवसेना सांसद

Text Size:

ठाणे, 17 मार्च (भाषा) शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने महाराष्ट्र के ठाणे और मुलुंड के बीच बनने वाले नये रेलवे स्टेशन का नाम पार्टी के दिवंगत नेता आनंद दिघे के नाम पर रखे जाने की मांग की है।

ठाणे के सांसद म्हस्के के कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नये स्टेशन के निर्माण के लिए 250 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है और प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है।

विज्ञप्ति में बताया गया कि राज्य के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे की ओर से सांसद ने सोमवार को संसद में कहा, ‘ठाणे और मुलुंड के बीच बनने वाले नये स्टेशन का नाम ‘धर्मवीर आनंद दिघे स्टेशन’ रखा जाना चाहिए।’

आनंद दिघे शिवसेना के वरिष्ठ नेता और शिंदे के मार्गदर्शक थे।

उन्होंने यात्रियों की समस्याओं को लेकर कहा कि ठाणे की लगभग 26 लाख आबादी के लिए रेलवे परिवहन प्रमुख साधन बना हुआ है और इस स्टेशन के बनने से ठाणे रेलवे स्टेशन पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।

सांसद ने ठाणे स्टेशन के व्यापक उन्नयन के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पेश 949 करोड़ रुपये के प्रस्ताव की भी शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया।

उन्होंने ठाणे स्टेशन पर आपातकालीन चिकित्सा क्लिनिक को पुनः खोलने और कोविड-19 महामारी के दौरान बंद की गई वरिष्ठ नागरिकों की रियायतों को बहाल करने सहित अन्य कई मांगें भी उठाईं।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments