scorecardresearch
Tuesday, 10 February, 2026
होमदेशआई-पैक प्रमुख के आवास पर ईडी की तलाशी संबंधी कोलकाता पुलिस की जांच में पड़ोसी देंगे बयान

आई-पैक प्रमुख के आवास पर ईडी की तलाशी संबंधी कोलकाता पुलिस की जांच में पड़ोसी देंगे बयान

Text Size:

कोलकाता, 12 जनवरी (भाषा) जबरन प्रवेश और दस्तावेज़ों की चोरी के आरोपों के बीच, कोलकाता पुलिस ‘आई-पैक’ के कार्यालय और उसके प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर तलाशी लेने वाले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारियों की पहचान की वर्तमान में पुष्टि कर रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने अब जैन के पड़ोसियों के बयान दर्ज करने का फैसला किया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उन्होंने तलाशी के किसी भी हिस्से को या ईडी अधिकारियों द्वारा लाउडन स्ट्रीट स्थित इमारत में प्रवेश करने के तरीके को देखा था।

उन्होंने बताया कि कई निवासियों को पहले ही नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया जा चुका है।

उन्होंने कहा, ‘हम जानना चाहते हैं कि निवासियों और पड़ोसियों ने उस सुबह क्या देखा। घटनाक्रम को समझने के लिए उनके बयान बेहद महत्वपूर्ण हैं।’

कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘आवासीय परिसर के सुरक्षा रजिस्टर में ईडी अधिकारियों के नाम दर्ज नहीं हैं। जांचकर्ताओं को ऐसे संकेत मिले हैं कि केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने कथित तौर पर मानक प्रवेश प्रक्रियाओं का पालन किए बिना सुरक्षा गार्डों को धक्का देकर परिसर में प्रवेश किया।’

उन्होंने कहा कि यह भी दावा किया गया है कि ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाकर्मियों के मोबाइल फोन जबरन छीन लिए गए थे।

बृहस्पतिवार सुबह ईडी के अधिकारियों ने लाउडन स्ट्रीट स्थित प्रतीक जैन के आवास पर तलाशी ली। खबर फैलते ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घटनास्थल आई थीं।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने आरोप लगाया कि पार्टी से संबंधित संवेदनशील चुनावी दस्तावेज जैन के आवास और आई-पैक के सेक्टर वी कार्यालय में रखे गए थे, और ये छापे के दौरान चोरी हो गए।

भाषा तान्या सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments