scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशकर्मचारियों को नियमित करने के मुद्दे पर एनडीएमसी के सत्तारूढ़, विपक्ष सदस्यों में तकरार

कर्मचारियों को नियमित करने के मुद्दे पर एनडीएमसी के सत्तारूढ़, विपक्ष सदस्यों में तकरार

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी शासित उत्तर दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) में सत्तारूढ़ दल और विपक्ष, दोनों के सदस्यों के बीच डेंगू के वायरस के वाहक मच्छरों की रोकथाम के लिए कर्मचारियों को नियमित करने के मुद्दे पर बुधवार को सदन की कार्यवाही के दौरान तीखी नोकझोंक हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि सिविक सेंटर में असामान्य रूप से सुबह नौ बजे सत्र आहूत किया गया। निर्वाचन अधिकारियों द्वारा शाम में एमसीडी चुनाव की तारीख की घोषणा होने के मद्देनजर सदन की कार्यवाही तय वक्त से पहले शुरू की गयी। आम तौर पर सत्र दोपहर दो बजे होता है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘करीब एक घंटे तक चली सदन की कार्यवाही के दौरान सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के सदस्यों के बीच डेंगू फैलाने वाले मच्छरों की रोकथाम के लिए कर्मचारियों को नियमित करने के मुद्दे पर तीखी नोकझोंक हुई।’’

उन्होंने बताया कि एनडीएमसी की विधायी शाखा ने हाल में डीबीसी (डेंगू ब्रीडिंग चेकिंग) कर्मचारियों को नियमित करने पर प्रस्ताव पारित किया और फाइल मंजूरी के लिए दिल्ली सरकार के पास भेजी गयी है।

एनडीएमसी में विपक्ष के नेता और आप पार्षद विकास गोयल ने आरोप लगाया कि भाजपा इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है जबकि उसके पास ‘‘उन्हें नियमित करने का अधिकार’’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘वे दिल्ली सरकार के पाले में गेंद फेंक रहे हैं ताकि वे आप पर जिम्मेदारी डाल सके। बहरहाल, बुधवार को एमसीडी चुनाव की तारीख की घोषणा होने जा रही है और लोग इस पार्टी को सत्ता से उखाड़ देंगे और बदलाव लेकर आएंगे।’’

राष्ट्रीय राजधानी में अप्रैल में निकाय चुनाव होने हैं। बहरहाल, चुनाव के लिए तारीख की घोषणा अभी नहीं हुई है।

भाषा

गोला मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments