scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशअसम की हिमंत सरकार में मंत्री नंदिता गरलोसा कांग्रेस में शामिल हुईं, हाफलोंग से चुनाव लड़ेंगी

असम की हिमंत सरकार में मंत्री नंदिता गरलोसा कांग्रेस में शामिल हुईं, हाफलोंग से चुनाव लड़ेंगी

Text Size:

गुवाहाटी, 22 मार्च (भाषा) असम की हिमंत विश्व शर्मा सरकार में मंत्री नंदिता गरलोसा रविवार को कांग्रेस में शामिल हो गईं।

गरलोसा ने यह कदम आसन्न असम विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से टिकट नहीं मिलने के बाद उठाया।

कांग्रेस द्वारा जारी बयान के मुताबिक गरलोसा आसन्न असम विधानसभा चुनाव में दिमा हसाओ जिले के हाफलोंग जिले से पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी।

कांग्रेस ने पहले इस सीट से अपने राज्य इकाई के महासचिव निर्मल लंगथासा को मैदान में उतारा था। लेकिन उन्होंने ‘व्यापक जनहित’ में गरलोसा को पार्टी का टिकट देने पर सहमति जताई है।

पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘‘हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि नंदिता गरलोसा कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। वह पिछले पांच वर्षों से दीमा हसाओ की आवाज रही हैं और उन्होंने हमेशा अपने विश्वासों तथा सिद्धांतों के लिए दृढ़ता से खड़ी रही हैं।’’

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य की खेल और युवा कल्याण मंत्री को भाजपा में इसकी कीमत चुकानी पड़ी क्योंकि हिमंत विश्व शर्मा को केवल आदिवासियों की जमीनें बड़ी कंपनियों को बेचने में दिलचस्पी है।

गरलोसा निवर्तमान विधानसभा में हाफलोंग का प्रतिनिधित्व करती हैं। भाजपा ने इस बार इस सीट से रुपाली लांगथासा को अपना उम्मीदवार बनाया है।

असम कांग्रेस की मीडिया टीम ने हाफलोंग में गरलोसा के पार्टी में शामिल होने की एक तस्वीर साझा की।

तस्वीर में राज्य के खेल और युवा कल्याण मंत्री गरलोसा कांग्रेस नेता निर्मल लंगथासा और अन्य लोगों के साथ नजर आ रही हैं।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को हाफलोंग स्थित गारलोसा के घर गए। हालांकि, शर्मा और गरलोसा ने बैठक के नतीजों को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा जबकि नतीजे चार मई को आएंगे।

भाषा धीरज रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments