scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमदेशनगालैंड में मुख्यमंत्री ने आग लगने से खाक हुए माओ मार्केट का दौरा किया

नगालैंड में मुख्यमंत्री ने आग लगने से खाक हुए माओ मार्केट का दौरा किया

Text Size:

कोहिमा, 28 फरवरी (भाषा) नगालैंड के मुख्यमंत्री नीफियू रियो ने मंगलवार को माओ मार्केट का दौरा किया, जहां सोमवार रात करीब 200 दुकानें भीषण आग में जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रभावित दुकानदारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद देने का आश्वासन भी दिया।

नगालैंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनएसडीएमए) के एक अधिकारी ने बताया कि प्राधिकरण कच्चे ढांचे के भूतल पर लगी आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है।

बताया जाता है कि आग से बाजार में करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। बाजार में कई सामग्रियों की दुकानें थीं जैसे सब्जियां, मांस, किराने का सामान, कपड़े और सौंदर्य प्रसाधन आदि।

अधिकारियों ने बताया कि असम राइफल्स सहित कोहिमा से दमकल की कुल 20 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग पर करीब दो घंटे में काबू पाया गया।

दमकल और आपातकालीन सेवा विभाग के कर्मियों ने आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

एनएसडीएमए के सूत्रों ने बताया कि हादसे में किसी की जान नहीं गई क्योंकि नगालैंड विधानसभा चुनाव के कारण सोमवार को बाजार बंद था।

भाषा निहारिका मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments